ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित IIMT कॉलेज के गेट नंबर-2 पर एक छात्र और कॉलेज के सिक्योरिटी सुपरवाइजर के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक छात्र के साथ हाथापाई होते हुए दिखाई दे रहा है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कॉलेज सुरक्षाकर्मियों पर छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठने लगी।
वायरल पोस्ट के माध्यम से नोएडा पुलिस, गौतमबुद्ध नगर प्रशासन, शिक्षा मंत्रालय और AKTU सहित संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच की अपील की गई। घटना सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट की घटना की पूरी स्थिति
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 सितंबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में IIMT कॉलेज के गेट नंबर-2 पर हुई थी। जानकारी के मुताबिक कॉलेज के सिक्योरिटी सुपरवाइजर और एक सस्पेंड किए जा चुके छात्र के बीच कॉलेज परिसर में प्रवेश को लेकर विवाद खड़ा हुआ, जो बाद में हाथापाई में बदल गया।
आरोपी हिरासत में, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामला कॉलेज गेट पर प्रवेश को लेकर उपजे विवाद और उसके बाद हुई मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: NIET कॉलेज में क्लासरूम बना अखाड़ा, छात्र-छात्राओं में जमकर मारपीट

