चार “दोस्तों” पर हत्या की साजिश का आरोप, दो बार खाटू श्याम और हरिद्वार ले जाकर भी नहीं मार पाए थे मोहित को; गुस्साए परिजनों ने किया सड़क जाम
थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के शांति नगर इलाके से दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर घर बुलाए गए मोहित नामक युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक इस साजिश में कुल छह लोग शामिल थे। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
देर रात हुई वारदात
पुलिस के अनुसार यह वारदात शांति नगर इलाके में देर रात करीब ढाई बजे हुई। मृतक के भाई मनीष के मुताबिक मोहित का करीब 15-20 दिन पहले कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बाद में गांव के लोगों की मौजूदगी में सुलझा लिया गया था और दोनों पक्षों के बीच फिर से दोस्ती हो गई थी। लेकिन मनीष का आरोप है कि सुलह के बावजूद आरोपियों के मन में रंजिश बनी रही और उन्होंने मोहित को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
दो बार नाकाम रही हत्या की कोशिश, तीसरी बार बर्थडे पार्टी के जाल में फंसाया
परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने पहले मोहित को घुमाने-फिराने के बहाने खाटू श्याम ले जाकर उसकी हत्या की कोशिश की थी, लेकिन वहां मौका नहीं मिल सका। इसके बाद उसे हरिद्वार ले जाया गया, जहां भी साजिश नाकाम रही। हरिद्वार से लौटने के दो दिन बाद आरोपियों ने नया जाल बिछाया और मंगलवार रात बर्थडे पार्टी का न्योता देकर मोहित को अपने घर बुला लिया।
जबरन शराब पिलाई, फिर सीने में घोंपा चाकू
मनीष के अनुसार हत्या से पहले मोहित को जबरदस्ती शराब पिलाई गई और इसके बाद आरोपियों ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मनीष ने बताया कि मोहित उस वक्त अकेला था और उसे पूरी तरह धोखे में रखकर मारा गया। मृतक की बहन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई की हत्या उसके ही दोस्तों देव, न्याय, गौरव और हरि ने की है। यही चारों उसे बर्थडे पार्टी के बहाने अपने साथ ले गए थे। बहन के मुताबिक इस पूरी वारदात में कुल छह लोग शामिल थे।
सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग
हत्या की खबर फैलते ही बुधवार सुबह से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सैकड़ों की तादाद में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाकर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर नारेबाजी की। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस बोली — शराब के नशे में हुआ विवाद, हत्या हुई
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मोहित का आरोपियों से पहले भी झगड़ा हो चुका था। पार्टी के दौरान शराब के नशे में एक बार फिर विवाद हुआ, जिसमें मोहित की हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर पानी-पानी, लेकिन घरों के नल सूखे, जानिए यह विरोधाभास क्यों

