देश की दिल्ली राजधानी में युवाओं के विरोध-प्रदर्शन ने एक बार फिर भारतीय लोकतंत्र के सामने कुछ बुनियादी सवाल खड़े किए हैं। सवाल सिर्फ़ एहतिजाज, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई या दिल्ली की सड़कों पर लगी बैरिकेडिंग का नहीं है, बल्कि उस लोकतांत्रिक निज़ाम का है, जिसमें भारतीय नागरिकों को अपनी आवाज़ बुलंद करने का हक़ हासिल है और सत्ता से जवाब माँगना उनका संवैधानिक अधिकार है। देश की राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाक़ों में प्रदर्शन, सुरक्षा के सख़्त इंतज़ाम, आवाजाही पर पाबंदियों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की ख़बरों ने इस बहस को और तेज़ कर दिया। जंतर-मंतर जैसे निर्धारित प्रदर्शन स्थलों के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था और दूसरे स्थानों पर जुटने की कोशिशों ने यह सवाल पैदा किया कि क्या लोकतांत्रिक एहतिजाज के लिए पर्याप्त जगह और अवसर उपलब्ध हैं ! सीजेपी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की माँग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर उठाई गई आपत्तियों ने इस पूरे मामले को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़ दिया है। प्रदर्शनकारियों की चिंताओं के केंद्र में मतदाता सूची, नागरिकों के मताधिकार की हिफ़ाज़त और निर्वाचन प्रक्रिया पर जनता का भरोसा जैसे अहम मुद्दे हैं।
हालाँकि, इन आरोपों और आशंकाओं को अंतिम सच मान लेना भी उचित नहीं होगा। निर्वाचन आयोग और भाजपा की ओर से मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को ख़ारिज किया गया है। लिहाज़ा, इस विवाद का निष्पक्ष मूल्यांकन भावनाओं या सियासी बयानबाज़ी के बजाय दस्तावेज़ों, तथ्यों और पारदर्शी जाँच के आधार पर होना चाहिए। एहतिजाज का हक़ और इंतिज़ामिया की ज़िम्मेदारी भारतीय संविधान नागरिकों को अभिव्यक्ति की आज़ादी और शांतिपूर्ण ढंग से एकत्र होने का अधिकार देता है। यही अधिकार लोकतंत्र को महज़ चुनावी प्रक्रिया तक सीमित रहने से बचाता है। जब नागरिक किसी सरकारी संस्था, नीतिगत फ़ैसले या चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, तो उनका विरोध अपने आप में लोकतंत्र-विरोधी नहीं हो जाता। लेकिन दूसरी ओर, किसी भी सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान क़ानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की ज़िम्मेदारी है। भीड़ का प्रबंधन, यातायात की सुचारु व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा भी उतनी ही अहम है। पुलिस को संवेदनशील इलाक़ों में सुरक्षा इंतज़ाम करने का अधिकार है, मगर इन इंतज़ामों की बुनियाद स्पष्ट नियमों, उचित कारणों और अनुपातिक कार्रवाई पर होनी चाहिए। यहीं पर लोकतांत्रिक संतुलन की असली परीक्षा होती है। अगर प्रदर्शनकारियों को पहले से तय स्थान पर अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए, तो टकराव की आशंका कम हो सकती है। इसके विपरीत, अगर संवाद के रास्ते सीमित हों और हर एहतिजाज को केवल सुरक्षा की समस्या के रूप में देखा जाए, तो असंतोष और अविश्वास बढ़ने का ख़तरा रहता है। पुलिस का पक्ष भी सुना जाना चाहिए।
प्रदर्शन की सूचना, अनुमति की शर्तें, सुरक्षा संबंधी आशंकाएँ और हिरासत की परिस्थितियाँ इन सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही किसी कार्रवाई पर अंतिम राय बन सकती है। किसी कार्रवाई को जायज़ या नाजायज़ ठहराने के लिए ठोस तथ्यों की दरकार होती है। देश में एसआईआर को लेकर उठी बहस केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का मामला नहीं है। मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद होती है। उसमें ग़लत नाम शामिल होना या पात्र नागरिकों के नाम छूट जाना दोनों ही स्थितियाँ गंभीर सवाल पैदा कर सकती हैं। निर्वाचन आयोग की ज़िम्मेदारी है कि मतदाता सूची को दुरुस्त रखने के साथ-साथ हर पात्र नागरिक के मताधिकार की हिफ़ाज़त भी सुनिश्चित करे। यदि किसी नागरिक को अपना नाम सूची से ग़ायब होने, विवरण में ग़लती या प्रक्रिया में भेदभाव की आशंका है, तो उसके लिए शिकायत दर्ज कराने और समयबद्ध समाधान पाने का प्रभावी रास्ता होना चाहिए। यहाँ पारदर्शिता सबसे बड़ी ज़रूरत है। आयोग को प्रक्रिया, आपत्तियों के निस्तारण और उपलब्ध शिकायत-व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। जहाँ ठोस शिकायतें सामने आएँ, वहाँ उनका निष्पक्ष परीक्षण होना चाहिए। दूसरी ओर, आरोप लगाने वालों की भी ज़िम्मेदारी है कि वे अपने दावों के समर्थन में विश्वसनीय साक्ष्य प्रस्तुत करें।चुनाव की निष्पक्षता केवल इस बात से तय नहीं होती कि मतदान हुआ या नहीं, बल्कि इस बात से भी तय होती है कि मतदाता को पूरी प्रक्रिया पर कितना भरोसा है। लोकतंत्र में संस्थाओं की साख बनाए रखने के लिए जवाबदेही और सार्वजनिक विश्वास दोनों अनिवार्य हैं।
देश की राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत की घटनाओं ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। किसी व्यक्ति को हिरासत में लेना क़ानूनी आधार, परिस्थितियों और लागू प्रक्रिया के अनुरूप होना चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और हिंसा या गंभीर अव्यवस्था में शामिल लोगों के बीच स्पष्ट फ़र्क़ किया जाना ज़रूरी है। यदि किसी स्थान पर सुरक्षा संबंधी वास्तविक ख़तरा हो, तो प्रशासन को उचित कदम उठाने पड़ सकते हैं। मगर व्यापक पाबंदियों या सामूहिक कार्रवाई को सामान्य समाधान नहीं बनाया जा सकता। कार्रवाई जितनी आवश्यक हो, उतनी ही होनी चाहिए; और जहाँ किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता सीमित की जाए, वहाँ क़ानूनी प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। मीडिया की भी इस पूरे घटनाक्रम में अहम भूमिका है। पत्रकारिता का तक़ाज़ा है कि वह न तो प्रदर्शनकारियों के हर दावे को बिना पड़ताल के स्वीकार करे और न ही प्रशासन के हर फ़ैसले को सवालों से परे माने। घटनास्थल की स्थिति, पुलिस का पक्ष, प्रदर्शनकारियों की शिकायतें और स्वतंत्र रूप से सत्यापित तथ्य इन सबको सामने रखकर ही जनता तक मुकम्मल तस्वीर पहुँचाई जा सकती है।सियासत से आगे बढ़कर जवाबदेही की ज़रूरत किसी भी लोकतांत्रिक विवाद को केवल सियासी चश्मे से देखना उसके मूल सवालों को कमज़ोर कर देता है। यदि प्रदर्शनकारियों की माँगें जायज़ हैं, तो उनका समाधान तथ्यों और संस्थागत जवाबदेही के माध्यम से होना चाहिए। यदि किसी आरोप के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य नहीं हैं, तो उसकी जाँच और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण के ज़रिये स्थिति साफ़ की जानी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफ़े की माँग एक राजनीतिक और सार्वजनिक माँग है, लेकिन किसी संवैधानिक पदाधिकारी के बारे में अंतिम निष्कर्ष निकालने के लिए ठोस आधार और निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया का सम्मान भी ज़रूरी है। इसी तरह, निर्वाचन आयोग से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है; मगर उन सवालों का उत्तर भी प्रमाण, नियम और निष्पक्षता के आधार पर तलाशा जाना चाहिए। सरकार, निर्वाचन आयोग, पुलिस और प्रदर्शनकारी सभी की अपनी-अपनी ज़िम्मेदारियाँ हैं। सरकार और प्रशासन को असहमति के लिए लोकतांत्रिक गुंजाइश बनाए रखनी चाहिए। निर्वाचन आयोग को मतदाता के भरोसे को मज़बूत करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीक़े से अपनी माँगें उठानी चाहिए और मीडिया को हर पक्ष की जवाबदेही तय करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। दिल्ली का यह एहतिजाज एक व्यापक बहस की तरफ़ इशारा करता है। लोकतंत्र की सेहत केवल सत्ता की स्थिरता या चुनावों के आयोजन से नहीं मापी जाती; उसकी असली पहचान इस बात से भी होती है कि नागरिकों की असहमति को कितनी जगह मिलती है और संस्थाएँ सवालों का जवाब किस तरह देती हैं। बैरिकेडिंग किसी सड़क को कुछ देर के लिए बंद कर सकती है, लेकिन उससे उठे सवाल ख़त्म नहीं हो जाते। हिरासत किसी प्रदर्शन को रोक सकती है, मगर जनता के मन में पैदा हुए संदेहों का समाधान केवल कार्रवाई से नहीं हो सकता। इसके लिए संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही की ज़रूरत होती है।दिल्ली को टकराव की नहीं, तर्क और संवाद की राजधानी बनना चाहिए। मतदाता सूची पर उठे सवालों का जवाब तथ्यों से दिया जाए, पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा निष्पक्षता से हो और शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकार की हिफ़ाज़त की जाए।आख़िरकार, लोकतंत्र में न सवाल पूछना गुनाह है और न जवाब माँगना बग़ावत। असली चुनौती यह है कि सवालों का जवाब क़ानून, इंसाफ़ और संवैधानिक मूल्यों के दायरे में दिया जाए। यही रास्ता नागरिकों के एतमाद को बहाल कर सकता है और लोकतंत्र की बुनियाद को मज़बूत बना सकता है।
-डॉ.सरफ़राज़ सैफ़ी वरिष्ठ टीवी पत्रकार एवं न्यूज़ एंकर

