नोएडा। सेक्टर-69 स्थित एक पार्क में बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह टहलने पहुंचे लोगों ने शव देखकर तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गढ़ी गोलचक्कर के पास रहता था मृतक
आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान प्रभाकर (23) पुत्र राम किशन लाल के रूप में हुई। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला था और नोएडा में गढ़ी गोलचक्कर के पास रहकर मजदूरी करता था। उसके पिता भी मजदूरी का काम करते हैं।
शरीर पर चोट के निशान नहीं
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। उसके गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि फंदा लगाने के बाद दम घुटने से उसकी मौत हुई। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फोन जब्त, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि प्रभाकर किसी बात को लेकर काफी दिनों से परेशान चल रहा था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसकी जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति या विशेषज्ञ से बात करें। भारत में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1-800-891-4416 पर मदद उपलब्ध है।

