Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
लखनऊ में दरोगा की दबंगई, भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर घुसकर सिर फोड़ा लखनऊ में दरोगा की दबंगई, भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर घुसकर सिर फोड़ा

लखनऊ में दरोगा की दबंगई, भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर घुसकर सिर फोड़ा

लखनऊ। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बंथरा थाने में तैनात दरोगा सचिन यादव पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत के घर में घुसकर पिस्टल की बट से उनका सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं, बूथ अध्यक्ष को बचाने आए उनके भाई को टीम के साथ लाठियों से पीटा गया और पत्नी के पेट पर लात मारी गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं। यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

दुकान लगाने को लेकर हुआ था विवाद

खसरवारा गांव के रहने वाले अरविंद रावत भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे दुकान लगाने की बात को लेकर उनका गांव के ही साहिल, सारजन और राहुल से विवाद हो गया था, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। इसके बाद अरविंद बंथरा थाने पहुंचे और विरोधी पक्ष पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर उन्हें घर भेज दिया। थोड़ी देर बाद साहिल पक्ष के लोग भी थाने पहुंचे और आपस में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दीं।

आधी रात घर पहुंची पुलिस, सोते परिवार पर टूटा कहर

अरविंद रावत के अनुसार, रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन यादव SHO की गाड़ी से कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस वक्त परिवार सो रहा था। आरोप है कि पुलिस टीम ने परिवार से अभद्रता शुरू कर दी और उनके भाई नरेंद्र पर लाठी-डंडे बरसाने लगी। पत्नी नीतू जब बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो दरोगा ने उनके पेट पर लात मार दी, जिससे वह गिर गईं।

भाई को खदेड़कर पीटा, खुद पर तनी पिस्टल

अरविंद के मुताबिक उनका भाई नरेंद्र किसी तरह भागकर पड़ोसी ओमप्रकाश के घर में घुस गया, लेकिन दरोगा और दो पुलिसकर्मी वहां भी पीछा करते हुए घुस आए और मारपीट जारी रखी। जब अरविंद भाई को बचाने पहुंचे, तो आरोप है कि दरोगा ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर दरोगा ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया और तेज खून बहने लगा। इसके बावजूद पुलिसवाले पिस्टल लहराते हुए धमकाते रहे।

शोरगुल सुनकर मोहल्ले और आसपास के गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद स्थिति काबू में आई। पीड़ित परिवार ने बताया कि पूरी घटना के बाद वे दहशत में हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं।

गुरुवार को की शिकायत, वीडियो सामने आने के बाद हुआ एक्शन

अरविंद रावत ने गुरुवार दोपहर पूरे प्रकरण की शिकायत एसीपी से की। इसी दौरान शाम को पुलिस टीम के घर में घुसकर मारपीट करने के वीडियो भी वायरल हो गए, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

दरोगा सस्पेंड, विभागीय जांच के आदेश

एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडेय ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले की जांच करने गए दरोगा सचिन यादव का किसी बात पर अरविंद रावत से विवाद हो गया था। प्राथमिक जांच में दरोगा को दोषी पाए जाने पर उन्हें तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार को सौंपी गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-18 पार्किंग से कार गायब, FIR तक नहीं

यहां से शेयर करें