Deprecated: File Theme without header.php is deprecated since version 3.0.0 with no alternative available. Please include a header.php template in your theme. in /home/u149331777/domains/jaihindjanab.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260
नोएडा सेक्टर-18 पार्किंग से कार गायब, FIR तक नहीं नोएडा सेक्टर-18 पार्किंग से कार गायब, FIR तक नहीं

नोएडा सेक्टर-18 पार्किंग से कार गायब, FIR तक नहीं

नोएडा। सेक्टर-18 इलाके की एक सरफेस पार्किंग से कार गायब होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित युवती इंटरव्यू देने के लिए पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर अंदर गई थी और जाते वक्त कार की चाबी वहां तैनात पार्किंग कर्मी को सौंप दी थी। जब वह इंटरव्यू खत्म कर वापस लौटी, तो पार्किंग में उसकी कार मौजूद नहीं थी।

चाबी लेकर फरार हुआ आरोपी

युवती के मुताबिक, जिस जगह उसने अपनी कार पार्क की थी, वहां तैनात कर्मचारी ने चाबी लेते समय किसी तरह का सत्यापन नहीं किया। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति पार्किंग कर्मी से चाबी लेकर कार समेत फरार हो गया। घटना के दो दिन बाद भी न तो कार का कोई सुराग मिला है और न ही आरोपी का कोई अता-पता चल सका है।

पुलिस से लगाई गुहार, अब तक FIR दर्ज नहीं

घटना के बाद पीड़ित युवती ने संबंधित पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि युवती का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मामले में औपचारिक FIR दर्ज नहीं की गई है, जिससे पीड़िता में पुलिस के रवैये को लेकर नाराज़गी है।

पार्किंग शुल्क वसूली, सुरक्षा पर सवाल

यह मामला नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर शुल्क वसूला जाता है, बावजूद इसके वाहन की सुरक्षा और चाबी सौंपते समय पहचान सत्यापन जैसी बुनियादी व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं की जा रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पार्किंग कर्मी चाबी देने से पहले पहचान पत्र या वाहन संबंधी दस्तावेज़ की जांच करता, तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।

 प्राधिकरण की जवाबदेही पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर नोएडा की पेड पार्किंग व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। सवाल यह उठता है कि जब वाहन चालकों से नियमित रूप से पार्किंग शुल्क लिया जाता है, तो बदले में उन्हें वाहन की सुरक्षा की गारंटी क्यों नहीं मिलती। पीड़ित युवती ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उसकी कार बरामद कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें: फिरौती के लिए 2 साल की मासूम की हत्या करने वाले को उम्रकैद, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

यहां से शेयर करें