Greater Noida: बादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कचेड़ा स्थित एक लेबर कैंप में बुधवार को घरेलू गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने टीनशेड की झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और धीरे-धीरे आसपास स्थित अन्य टीनशेड तक फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग टीनशेड की एक झोपड़ी में रखे छोटे घरेलू गैस सिलेंडर के फटने से लगी थी। आग तेजी से फैलने के कारण लेबर कैंप में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते सभी मजदूर सुरक्षित स्थानों पर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
छह दमकल गाड़ियों की मशक्कत से बुझी आग
सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए फायर सर्विस की छह दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने में सफलता पाई। आग बुझने के बाद फायर विभाग की टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
टीनशेड और घरेलू सामान जलकर राख, नुकसान का आकलन जारी
इस घटना में टीनशेड और उसमें रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। वहीं आग लगने के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: नोएडा: झुग्गियों में स्मैक तस्करी नए थाना प्रभारी के सामने बड़ी चुनौती!

