नोएडा के नशा मुक्ति केंद्र में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव

नोएडा। सेक्टर-108 स्थित रिवीकिंग वेलनेस फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार शाम किशोर का शव केंद्र के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। पुलिस के मुताबिक किशोर के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिवार की ओर से भी फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।

दिल्ली के पहाड़गंज का रहने वाला था किशोर

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लक्ष्य सोलंकी, निवासी पहाड़गंज, दिल्ली के रूप में हुई है। लक्ष्य स्मैक का आदी था। परिवार उसकी नशे की लत छुड़ाने के लिए पहले उसे दिल्ली के नरेला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करा चुका था।

कुछ समय बाद दोबारा नशा करने के बाद परिजनों ने उसे 3 जून को सेक्टर-108 स्थित रिवीकिंग वेलनेस फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था।

पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास करने की बात

पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि लक्ष्य इससे पहले भी घर पर दो बार फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। दोनों घटनाओं में परिवार के सदस्यों की समय रहते नजर पड़ गई थी, जिसके चलते उसकी जान बच गई।

मंगलवार को केंद्र के बाथरूम में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद केंद्र में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया।

नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों से होगी पूछताछ

सेक्टर-39 थाना पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस केंद्र में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले किशोर की गतिविधियां कैसी थीं और बाथरूम में वह कितनी देर तक रहा।

पुलिस यह भी पता करेगी कि घटना के समय केंद्र में निगरानी की क्या व्यवस्था थी और किशोर के बाथरूम जाने के बाद घटनास्थल तक पहुंचने में कितना समय लगा।

शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले

सेक्टर-39 पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग आया है। हालांकि, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को दिल्ली में किशोर का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आएंगे घटना के कारण

17 वर्षीय किशोर की नशा मुक्ति केंद्र में मौत ने केंद्र में भर्ती लोगों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस के पास घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं है और न ही किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि हुई है।

पुलिस का कहना है कि केंद्र के कर्मचारियों से पूछताछ और जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल पोस्टमार्टम में सामने आए निष्कर्ष और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा की सड़कों पर गहरे गड्ढे, समय से पहले टूटी सड़कों की होगी जांच; लापरवाह एजेंसी होगी ब्लैकलिस्ट

यहां से शेयर करें