New Delhi news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में 12 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी घोषित अपराधी मनोहरन कंधासामी (62) को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रतिष्ठित राजनीतिक कार्यालयों और सरकारी विभागों के फर्जी लेटरहेड तैयार करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2007 में मंदिर मार्ग थाने में चोरी का मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान आरोपी के पास से प्रतिष्ठित राजनीतिक कार्यालयों और सरकारी अधिकारियों के नाम वाले कई छपे व खाली लेटरहेड मिले। जांच में इनके फर्जी होने का पता चलने पर 2008 में जालसाजी का अलग मामला दर्ज किया गया और जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन करीब एक माह बाद जमानत मिलने पर वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। वर्ष 2014 में अदालत ने उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। बाद में उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी के तमिलनाडु में सक्रिय मोबाइल नंबर का पता लगाया। लगातार निगरानी और स्थानीय स्तर पर जांच के बाद उसे 4 अगस्त को नामक्कल जिले के तिरुचेंगोड के बाहरी इलाके में एक गोदाम से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह वहां मुर्गी पालन का व्यवसाय कर रहा था और परिवार के साथ पहचान छिपाकर रह रहा था।
New Delhi news

