गौतमबुद्ध नगर। शनिवार को नोएडा की डिजाइन आर्च सोसायटी में एक दर्दनाक घटना हुई। 13 साल के छात्र रणविजय ढाका की सोसायटी की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सूरजपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का अभी सटीक पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वजह साफ होगी। मामले में परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में बच्चा 12वीं मंजिल की ओर जाता हुआ दिख रहा है। आशंका जताई जा रही है कि उसने छलांग लगाई हो सकती है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सोसायटी में रह रहे रणविजय की मौत से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

