लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
अनोखे अंदाज में विरोध
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता खास अंदाज में नजर आए। उन्होंने चेहरे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर वाला स्टिकर लगा रखा था और कैदी जैसी पोशाक पहनी हुई थी। इन कार्यकर्ताओं के हाथों में हथकड़ी भी बांधी गई थी, जिससे प्रदर्शन में प्रतीकात्मक विरोध को और धार मिली। कई कार्यकर्ता हाथों में डफली बजाते हुए नारेबाजी करते देखे गए।
पुतले को लेकर खींचतान, फिर फूंका गया
मार्च के दौरान ज्ञानेश कुमार के पुतले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच कुछ देर खींचतान की स्थिति बनी। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने पुतले को जमीन पर रखकर पैरों से रौंदा और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और देर तक नारेबाजी करते रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ अभियान के तहत प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी ने 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में जिला स्तर पर जगह-जगह मार्च और प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।
मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया पर सवाल
पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में हो रहे बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सपा नेताओं का कहना है कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता की भारी कमी है। यही वजह है कि पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने की मांग कर रही है।

