ग्रेटर नोएडा में कॉलेज की जमीन पर कब्जे की कोशिश, छात्रों ने गिराई दीवार

ग्रेटर नोएडा। दनकौर क्षेत्र स्थित बिहारीलाल इंटर कॉलेज की करीब 2 हजार गज जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोगों ने इस जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया, जिसके बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलते ही पहुंचे सैकड़ों छात्र

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौके पर पहुंच गए। कॉलेज के प्रिंसिपल महकार सिंह के अनुसार, कुछ लोग लंबे समय से इस जमीन पर नजर गड़ाए हुए थे। बुधवार को बड़ी संख्या में मजदूर बुलाकर दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। छात्रों के कड़े विरोध के बाद निर्माण कार्य में लगे लोग मौके से चले गए, जिसके बाद छात्रों ने निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को दी हिदायत

एसीपी रविशंकर मिश्र ने बताया कि कॉलेज की इस जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक राजस्व विभाग अपना फैसला नहीं सुनाता, तब तक जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, जमीन से जुड़ा यह विवाद फिलहाल राजस्व विभाग में विचाराधीन है और विभाग के फैसले के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें: फेसबुक से किया संपर्क, शेयर बाजार में मुनाफे का लालच दे महिला से 1 करोड़ की ठगी

यहां से शेयर करें