मेरठ। जनपद के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला लखीपुरा में विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी का भंडाफोड़ किया है। विजिलेंस प्रभारी मेरठ नगर सलीम खान के नेतृत्व में की गई इस छापामार कार्रवाई में 19 किलोवाट की भारी बिजली चोरी रंगे हाथों पकड़ी गई। छापेमारी की पूरी जानकारी विजिलेंस विभाग को लखीपुरा इलाके में अवैध रूप से बड़े पैमाने पर बिजली का इस्तेमाल किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस प्रभारी सलीम खान ने बिजली विभाग की टीम के साथ मिलकर क्षेत्र में औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि स्थानीय निवासी मोहम्मद अतीक पुत्र खलील के परिसर में कटिया डालकर सीधे मुख्य लाइन से बिजली चोरी की जा रही थी। जब उपकरण और लोड की जांच की गई, तो कुल 19 किलोवाट की भारी बिजली चोरी का मामला उजागर हुआ। ई-रिक्शा चार्जिंग और घरेलू भार में हो रहा था इस्तेमाल जांच में यह बात सामने आई कि इस चोरी की बिजली का व्यावसायिक और घरेलू स्तर पर बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया जा रहा था। आरोपी मोहम्मद अतीक चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्ज करने का काम कर रहा था और साथ ही अपने घरेलू विद्युत भार को भी इसी अवैध कनेक्शन से चला रहा था। विधिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज विजिलेंस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे तारों और उपकरणों को जब्त कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मोहम्मद अतीक पुत्र खलील के खिलाफ संबंधित धाराओं में थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी गई है। विभाग द्वारा चोरी की गई बिजली के मूल्यांकन के आधार पर भारी जुर्माना वसूलने की तैयारी की जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-57 में तेज रफ्तार कार और ट्रक की भीषण टक्कर, दोनों वाहनों में लगी आग

