नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में सोमवार शाम एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ तीन बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घंटों चले तलाशी अभियान के बाद तीनों आरोपियों — आसिफ, हेमंत और उसके छोटे भाई मुकेश — को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कैसे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ रात करीब 8:45 बजे कालकाजी मंदिर दर्शन के बाद पास स्थित आस्था कुंज पार्क पहुंची थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पार्क में घुसते ही तीनों आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उनके पास आए और दोनों को नाबालिग होने तथा “गलत काम” करने का आरोप लगाकर केस दर्ज करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने लड़की को उसके दोस्त से अलग कर पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी आसिफ ने पहले उसे हथियार और चाकू दिखाकर डराया-धमकाया, इसके बाद उसके साथ रेप किया। बाद में अन्य दोनों आरोपियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों ने पीड़िता और उसके दोस्त दोनों को धमकाया।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित कीं। इंस्पेक्टर राजेंद्र डागर के नेतृत्व वाली टीम को आरोपी आसिफ के अमर कॉलोनी स्थित डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ऑफिस रोड के पास होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया।पुलिस के अनुसार, सरेंडर करने को कहे जाने के बावजूद आसिफ ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से एक गोली एक हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराई। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी।
चार दिन में चौथी घटना
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त विजय कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर झूठी पहचान के आधार पर कार्रवाई करने की कोशिश की।” उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने पार्क की सुरक्षा खामियों की ओर भी इशारा करते हुए कहा कि पार्क काफी बड़ा है और कई जगहों से इसमें प्रवेश किया जा सकता है। इसकी बाउंड्री वॉल कई जगह टूटी हुई है, कुछ गेटों पर गार्ड तैनात नहीं हैं और कई इलाकों में रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं है। आरोपी आसिफ को अमर कॉलोनी में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
दो हफ्ते में नाबालिगों से जुड़ी चौथी घटना
कालकाजी गैंगरेप मामला पिछले दो हफ्तों में दिल्ली में नाबालिगों के यौन उत्पीड़न से जुड़ा चौथा मामला है।
सोमवार को देशबंधु गुप्ता रोड पर एक 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ, आरोपी अंकित गिरफ्तार। 17 सितंबर को सदर बाजार में पेंसिल-किताबें खरीदने निकली छठी कक्षा की छात्रा को एक दर्जी ने दुकान में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, आरोपी मकसूद गिरफ्तार। 10 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 17 वर्षीय लड़की अपने दोस्त से मिलने गई थी, जहां उसके दोस्त और उसके साथियों ने गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी थी। पीड़िता को आठ बार चाकू घोंपा गया था और 13 सितंबर को उसका शव कुत्तों द्वारा नोचा हुआ मिला था। इस मामले में चार लोग गिरफ्तार किए गए, जिनमें तीन नाबालिग हैं।
यह भी पढ़ें: बिट्टू तबाही ने वर्ल्ड क्लीनअप डे पर शुरू किया तीन दिवसीय अभियान

