Air India Flight Turbulence: हवा में 5 मिनट तक कांपी फ्लाइट, क्रू मेंबर्स को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट; नागरिक उड्डयन मंत्री पहुंचे अस्पताल

Air India Flight Turbulence:  नई दिल्ली। एयर इंडिया की फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 में मंगलवार को गंभीर मिड-एयर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान करीब 300 फीट की ऊंचाई खो बैठा। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने गुरुवार को बताया कि यह टर्बुलेंस करीब चार से पांच मिनट तक चला। इसमें कुछ क्रू मेंबर्स को स्पाइनल और गर्दन की चोटें आईं। एयरबस A320neo विमान में 137 यात्री और आठ क्रू मेंबर्स सवार थे। टर्बुलेंस के बावजूद विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और सुबह 11.07 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया।

मंत्रालय के ब्रीफिंग में नायडू ने कहा, “टर्बुलेंस के बाद भी विमान को एक घंटे और उड़ना था। उस दौरान भी क्रू मेंबर्स ने यात्रियों की पूरी मदद की। यह बहुत बहादुरी भरा काम था। मैं उनकी वीरता के लिए धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने बताया कि कुछ क्रू मेंबर्स को रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) और टेलबोन के पास तथा गर्दन में चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। घटना के बाद 13 यात्रियों और चार केबिन क्रू मेंबर्स को अस्पताल ले जाया गया था। एयर इंडिया के अनुसार, बुधवार शाम तक सभी 13 यात्री डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि चार क्रू मेंबर्स अभी भी इलाज के अधीन हैं।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। विमान का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। विमान को हैंगर में शिफ्ट कर दिया गया है। एयर इंडिया जांच में सहयोग कर रहा है और विमान निर्माता कंपनी को भी सूचना दे दी गई है। मंत्री नायडू, नागरिक उड्डयन सचिव और DGCA महानिदेशक ने फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर घायलों की हालत का जायजा लिया। यह घटना मंगलवार को हुई थी। विमान क्रूजिंग ऊंचाई पर था जब अचानक ऊंचाई में गिरावट दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें: Road accidents wreak havoc in Uttar Pradesh: अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, हमीरपुर में बस-टैंकर भिड़ंत में तीन की जान गई

यहां से शेयर करें