नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने इस कार्रवाई में चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 22 चोरी के दोपहिया वाहन, स्नेचिंग के 31 मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद हुए हैं। गिरोह से जुड़े दो नाबालिगों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 18 सितंबर 2026 को मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई। गिरोह की सक्रियता की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने विक्की यादव उर्फ मोटा, करण नागर, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा को थाना सेक्टर-24 और थाना खोड़ा क्षेत्र से दबोचा।
सुनसान इलाकों से चोरी कर करते थे स्नेचिंग
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में पहले रेकी करते थे और सुनसान जगहों से बाइक-स्कूटी चुरा लेते थे। इन्हीं चोरी की गाड़ियों को बदल-बदलकर इस्तेमाल करते हुए सड़क किनारे चलने वाले राहगीरों के मोबाइल फोन छीनते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी के वाहनों को जंगल-झाड़ियों में छिपाया जाता था। छीने गए कुछ मोबाइल सस्ते दामों में स्थानीय लोगों को बेच दिए जाते थे, जबकि आरोपी विश्वा महतो उर्फ राजा कुछ फोन बिहार ले जाकर वहां ऊंचे दामों पर बेचता था। इस तरह मिलने वाली रकम आरोपी आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे।
तीन के पास से अवैध चाकू भी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से विक्की यादव, रविन्द्र और विश्वा महतो के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
आरोपियों का ब्योरा
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की यादव उर्फ मोटा (19) निवासी घड़ोली डेयरी फार्म दिल्ली, करण नागर (19) निवासी मयूर विहार फेस-3 दिल्ली, रविन्द्र (21) निवासी मयूर विहार फेस-3 दिल्ली और विश्वा महतो उर्फ राजा (26) मूल निवासी समस्तीपुर बिहार, वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद निवासी शामिल हैं।
कई थानों में पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के अलग-अलग थानों में चोरी, स्नेचिंग जैसे मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सेक्टर-24, बिसरख और सेक्टर-39 थाने के साथ-साथ दिल्ली के सरिता विहार व न्यू अशोक नगर थाने भी शामिल हैं। ताजा मामले में सेक्टर-24 थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद वाहनों और मोबाइल फोन का मिलान अन्य दर्ज मामलों से कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: नोएडा में निवेश के नाम पर 3 लोगों से 56.45 लाख की ऑनलाइन ठगी

