नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित ओम साईं फैशन डिजाइन गारमेंट कंपनी में शुक्रवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। आग कंपनी की चौथी मंजिल पर लगी थी।
सुबह मिली सूचना, तुरंत पहुंची फायर टीम
सुबह करीब 7:50 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। शुरुआत में आग बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां भेजी गईं, जिनकी संख्या बाद में बढ़ाकर 8 कर दी गई। इन्हीं की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें शुरुआत में सूचना मिली थी कि कंपनी के अंदर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। इस पर दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी इमारत की सघन जांच की, लेकिन अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला। राहत की बात यह रही कि आग चौथी मंजिल तक ही सीमित रही और आसपास की अन्य कंपनियों तक नहीं फैली।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
सीएफओ के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
फायर विभाग की टीम ने आग बुझाने के साथ-साथ आसपास के हिस्से को भी सुरक्षित किया। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के झुलसने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल कंपनी में आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

