नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में 28 वर्षीय जिम मालिक विजय कुमार लोहिया की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के एक दिन बाद दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि उसने हमलावरों की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक उसी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने सोमवार देर रात एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि हिमांशु भाऊ फिलहाल अमेरिका में छिपा हुआ है। पुलिस इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।
फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से फरार हुए शूटर
पुलिस के अनुसार हमलावर एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, जिस पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था। घटना के बाद शूटर इसी बाइक से फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बाइक की लोकेशन और आरोपियों की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
विदेशी पिस्टल इस्तेमाल होने का शक
जांच में शामिल अधिकारियों का मानना है कि वारदात में विदेशी निर्मित पिस्टल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हथियारों की फॉरेंसिक जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। मामले में और जानकारी सामने आने पर अपडेट किया जाएगा।

