नोएडा। करोड़ों रुपये की लागत से बने नोएडा के महत्वपूर्ण एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को अचानक बड़ा हड़कंप मच गया। सेक्टर-61 से सेक्टर-18 के बीच सड़क का एक हिस्सा बीचों-बीच धंस गया, जिससे करीब 10 फीट गहरा और लगभग 20 फीट लंबा गड्ढा बन गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। रोजाना इस मार्ग से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई तेज रफ्तार वाहन गड्ढे की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-2 क्षेत्र के तहत आने वाली यह करीब 4.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड है। गड्ढा बनने के बाद एहतियातन ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण के विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और मजबूत सड़कों के दावों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में गंभीर लापरवाही बरती गई और गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसकी वजह से मजबूत कंक्रीट के नीचे की मिट्टी खोखली होकर सड़क धंस गई। घटना के तुरंत बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई और गड्ढे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल गड्ढा भरने से सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी। उन्होंने पूरी परियोजना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। अधिकारियों में भी हलचल मची हुई है। निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: SpiceJet चोर है! दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्रियों का प्रदर्शन

