नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, 300 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

New Delhi news  ईस्ट जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने ड्रग कंट्रोल विभाग के सहयोग से मधु विहार स्थित आईपीईएक्स भवन में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों तथा केमिस्ट और मेडिकल स्टोर संचालकों समेत 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

*नशे की पहचान और कानून की जानकारी*

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को नशे के सेवन की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा एनडीपीएस एक्ट-1985 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस ने नशे के खिलाफ सामुदायिक भागीदारी को जरूरी बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

*मेडिकल स्टोर संचालकों को दी हिदायत*

केमिस्ट और मेडिकल स्टोर संचालकों को शेड्यूल एच/एच1 दवाओं, कोडीन आधारित सिरप और ट्रामाडोल की बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के बिक्री नहीं करने की जानकारी दी गई। साथ ही दवाओं की बिक्री का उचित रिकॉर्ड रखने और सभी कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई।

*संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना*

पुलिस ने आरडब्ल्यूए और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों से अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्हें समुदाय और पुलिस के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

*मानस हेल्पलाइन की दी जानकारी*

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को नशे से संबंधित सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। नशे की लत से पीड़ित लोगों के उपचार, नशामुक्ति और पुनर्वास से संबंधित एनडीपीएस एक्ट की धारा 64ए के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।

*सभी थानों में जारी रहेगा अभियान*

ईस्ट जिला पुलिस ने कहा कि नशे के दुरुपयोग की रोकथाम और सामुदायिक भागीदारी मजबूत करने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

New Delhi news

यहां से शेयर करें