ऐपल आज पहली बार लॉन्च करेगा फोल्डेबल आईफोन, नए CEO जॉन टर्नस की पहली बड़ी पेशकश, कुपर्टिनो, टेक्नोलॉजी की दुनिया की निगाहें आज ऐपल के कुपर्टिनो हेडक्वार्टर पर टिकी हैं, जहां कंपनी अपने इतिहास का सबसे बड़ा हार्डवेयर बदलाव पेश करने जा रही है कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन। “Surprise and Shine” नाम से आयोजित यह इवेंट स्टीव जॉब्स थिएटर में दोपहर 1 बजे (ईटी) शुरू होगा।
यह लॉन्च खास तौर पर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नए CEO जॉन टर्नस के नेतृत्व में होने वाला पहला बड़ा प्रोडक्ट इवेंट है। टर्नस ने 1 सितंबर 2026 को टिम कुक की जगह ऐपल की कमान संभाली थी। इससे पहले वे कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख थे और 2001 से ऐपल से जुड़े हुए हैं, लेकिन सार्वजनिक मंच पर उनकी मौजूदगी सीमित रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह इवेंट 2017 में आईफोन X से फिजिकल होम बटन हटाए जाने के बाद ऐपल के फ्लैगशिप प्रोडक्ट में सबसे बड़ा बदलाव होगा। आईफोन ने पिछले वित्तीय वर्ष में 209.6 अरब डॉलर की कमाई की थी, जो ऐपल की कुल बिक्री का आधे से ज्यादा हिस्सा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2,000 डॉलर से ज्यादा कीमत वाले फोल्डेबल डिवाइस के लिए ग्राहकों को राजी करने की जिम्मेदारी टर्नस पर होगी यह एक ऐसे ग्लोबल ब्रांड के लिए नई ऊंचाई है, जो अब तक ‘मास लग्जरी’ की पहचान रखता रहा है।
क्या होगा खास: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इवेंट में तीन नए आईफोन मॉडल पेश किए जा सकते हैं — 2nm A20 Pro चिप और कैमरा अपग्रेड के साथ अपडेटेड आईफोन 18 Pro व Pro Max, और डुअल OLED डिस्प्ले, 12GB रैम तथा 2TB तक स्टोरेज वाला बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन, जो iOS 27 पर चलेगा। इस फोल्ड या अल्ट्रा नाम से संभावित मॉडल की शुरुआती कीमत 2,099 डॉलर हो सकती है, जो इसे ऐपल का सबसे महंगा आईफोन बना देगी। इसके अलावा, आईफोन 18 Pro और Pro Max की कीमतों में मेमोरी व स्टोरेज लागत बढ़ने के कारण 150 से 200 डॉलर तक की बढ़ोतरी भी हो सकती है। फॉर्च्यून की रिपोर्ट के अनुसार इवेंट में फोल्डेबल के साथ ही आईफोन 18 Pro मॉडल्स, ऐपल वॉच सीरीज़ 12, एयरपॉड्स 5 और मैकबुक व होम प्रोडक्ट्स में भी संभावित अपडेट देखने को मिल सकते हैं।
बाज़ार में मुकाबला: ऐपल का यह फोल्डेबल फोन सैमसंग के गैलेक्सी Z फोल्ड सीरीज़ को सीधी चुनौती देगा। टाइम न्यूज़ की रिपोर्ट बताती है कि यह डिवाइस सैमसंग के गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा को टक्कर देगा, जिसकी कीमत 2,099 डॉलर है, और यह सप्लाई चेन की मुश्किलों तथा प्रीमियम स्मार्टफोन मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आ रहा है। विश्लेषकों की राय बंटी हुई है जहां एक ओर ऐप स्टोर रेवेन्यू में गिरावट को लेकर चिंता जताई गई है, वहीं मॉर्गन स्टैनली फोल्डेबल फोन को ग्रोथ ड्राइवर के तौर पर देख रहा है और शुरुआती मजबूत मांग का अनुमान लगा रहा है।
यह भी पढ़े: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गेट पर किसान-पुलिस भिड़ंत, धक्का-मुक्की से मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला

