ग्रेटर नोएडा शाहबेरी फ्लैट से 4 लाख के अवैध पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

दिवाली के त्योहार से ठीक पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथी लगी है। इलाके के एक रिहायशी फ्लैट के अंदर से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखों के कार्टून बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने फ्लैट पर दबिश दी, जहां से पटाखों से भरे कई कार्टून बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पटाखे दिवाली के मौके पर बिना लाइसेंस के बेचने के मकसद से यहां जमा किए गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई अकेली नहीं है। पिछले कुछ दिनों में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर रखा है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में गांव डढ़ा सर्विस रोड से एक आरोपी को पकड़कर करीब चार लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए गए थे। वहीं नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाइयों में कई आरोपियों को अलग-अलग कंपनियों के दर्जनों कार्टून पटाखों के साथ धर दबोचा है।

नोएडा क्षेत्र में भी पुलिस की सक्रियता देखी गई है। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने पृथला इलाके में चेकिंग के दौरान एक वाहन में भरकर पटाखे ले जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से भी लाखों रुपये कीमत के पटाखे बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों की तस्करी और बिना लाइसेंस बिक्री रोकने के लिए लगातार गश्त और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदें और यदि किसी को आसपास अवैध रूप से पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। प्रशासन ने साफ किया है कि दिवाली के दौरान बिना अनुमति पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: नोएडा गलत नोटिस विवाद: ‘डीएम कार्यालय का कोई लेना-देना नहीं’, कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई पर प्रशासन ने स्थिति की साफ

यहां से शेयर करें