ग्रेटर नोएडा में खौफनाक वारदात, ओवरटेक करने पर स्कॉर्पियो सवारों ने की ताबड़तोड़ फ़ायरिंग, LLB छात्र घायल

ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन दो कारों के बीच रेस के दौरान एक चौंकाने वाली वारदात हुई। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने ओवरटेक करने की कोशिश कर रही दूसरी कार पर गोली चला दी। गोली एलएलबी छात्र के दोनों हाथों में लगी और कार के अंदर जा धंसी। घटना के तुरंत बाद आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई घटना

यह वारदात 28 अगस्त की रात की है। सुनपुरा गांव निवासी छात्र कृष अपनी वर्ना कार से 130 मीटर रोड पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट से तिलपता की ओर जा रहा था। गौड़ सिटी मॉल के आगे रास्ते में उसे एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार मिली, जिसके बाद दोनों वाहनों के बीच रेस शुरू हो गई। बारी-बारी से दोनों कारें आगे-पीछे होती रहीं और यह रेस करीब 5 किलोमीटर तक चली। रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य से कम थी।

राजेश पायलट चौक पर चली गोली

राजेश पायलट गोल चक्कर के पास पहुंचने पर कृष ने बाईं ओर से स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने बिना किसी चेतावनी के उस पर फायरिंग कर दी। गोली कृष के दोनों हाथों को छेदते हुए कार के अंदर जा घुसी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार समेत मौके से फरार हो गए।

बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो, ब्लैक फिल्म लगे शीशे

पुलिस के अनुसार आरोपियों की स्कॉर्पियो कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसके शीशों पर ब्लैक जेड फिल्म चढ़ी हुई थी, जिससे अंदर बैठे लोगों की पहचान मुश्किल हो रही थी। कार में एक से अधिक युवक सवार थे।

छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कृष को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिन के इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस जांच में जुटी

इकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: CJP अभियान का असर, जयपुर के जर्जर रामपुरा-कंवरपुरा स्कूल पर चला बुलडोजर, 18 लाख से बनेगी नई इमारत

यहां से शेयर करें