यूपी की 7 साल की मासूम रागिनी की ‘DM अंकल’ से भावुक अपील, वीडियो वायरल

एक पैर पर उछलकर स्कूल जाती है बलिया की 7 साल की रागिनी, वीडियो वायरल होने पर मिली मदद

बलिया (उत्तर प्रदेश)। पढ़ाई के प्रति जज्बे की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली 7 साल की रागिनी रोजाना अपने एक पैर पर उछल-उछलकर करीब 400 मीटर की दूरी तय कर स्कूल पहुंचती है। रास्ते में जब थक जाती है, तो कुछ देर रुककर सुस्ता लेती है, लेकिन पढ़ाई का सपना नहीं छोड़ती।

छह महीने की उम्र में हुआ था हादसा

रागिनी की मां बबीता देवी बताती हैं कि जब बेटी सिर्फ छह महीने की थी, तब उसे दवा दिलाने ले जाते वक्त एक हादसा हो गया था, जिसमें उसके एक पैर में गंभीर चोट आई। बबीता के अनुसार, “हमने कई जगह इलाज कराया, लेकिन पैर बच नहीं सका। आगे इलाज के लिए हमारे पास पर्याप्त पैसे नहीं थे।”

दूसरे बच्चों को स्कूल जाते देख रोती थी रागिनी

बबीता ने बताया कि जब आसपास के बच्चे बस्ता लेकर उनके घर के सामने से स्कूल जाते थे, तो रागिनी भी रो पड़ती थी और कहती थी कि उसे भी पढ़ना है। धीरे-धीरे रागिनी ने भी स्कूल जाना शुरू कर दिया, हालांकि घर से स्कूल की छोटी सी दूरी भी उसके लिए शारीरिक रूप से काफी कठिन साबित होती है। कभी परिवार का कोई सदस्य उसके साथ जाता है, तो कभी वह अकेले ही उछलते हुए स्कूल पहुंचती है।

ट्राईसाइकिल की मासूम अपील

रागिनी के परिवार का कहना है कि उसे अभी कृत्रिम पैर (प्रोस्थेटिक लेग) या ट्राईसाइकिल जैसी व्यावहारिक मदद की जरूरत है, ताकि उसका स्कूल जाना आसान हो सके। पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और परिवार खुद इतना खर्च उठाने में सक्षम नहीं है। रागिनी ने खुद मासूमियत से अपील करते हुए कहा, “DM अंकल, मुझे एक ट्राईसाइकिल दे दीजिए, मैं उससे स्कूल जाऊंगी।” स्कूल के प्रधानाचार्य अजीत पाल के मुताबिक, रागिनी को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। उसका पंजीकरण एक सरकारी योजना के तहत हो चुका है, लेकिन देर से दाखिला होने के कारण वह योजना के लाभ से अब तक वंचित रही।

वीडियो वायरल होने पर मिली मदद

रागिनी की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। परिवार को 26,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जबकि पार्टी की स्थानीय टीम ने रागिनी के गांव जाकर उसे एक ट्राईसाइकिल भेंट की। संजय सिंह ने वीडियो कॉल पर रागिनी और उसके परिवार से बातचीत भी की और आगे भी मदद का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें: जौहर बनाम रेप: रेप और जौहर की तुलना कितनी सही? समझिए इतिहास और तर्क का फर्क

यहां से शेयर करें