LPG subsidy: सितंबर की शुरुआत में जनता की जेब पर असर, जानें 7 बड़े बदलाव
नई दिल्ली। 1 सितंबर 2026 से आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई नियमों और कीमतों में बदलाव हुआ है। एक तरफ जहां कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और दूध महंगे हो गए हैं, वहीं टाटा और हुंडई की गाड़ियां खरीदना भी अब पहले से महंगा पड़ेगा। इसके अलावा LPG सब्सिडी को लेकर भी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है।
कॉमर्शियल सिलेंडर औसतन ₹11.50 महंगा
तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में औसतन 11.50 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। कोलकाता में अब इसकी कीमत 2884 रुपए हो गई है, जो पहले 2872.50 रुपए थी। इसके साथ ही 5 किलो वाले छोटे LPG सिलेंडर की रिफिलिंग कीमत भी 2 रुपए बढ़कर 764 रुपए हो गई है। इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर पड़ेगा, जिसके चलते चाय-नाश्ते और थाली के दाम बढ़ सकते हैं। शादी-समारोहों की कैटरिंग सेवाएं भी महंगी हो सकती हैं।
मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति लीटर महंगा
बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने मुंबई में थोक दूध की कीमत 9 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी है। अब यह दर 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जो अगले साल 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। वहीं तमिलनाडु में एविंस दूध की खरीद कीमत में भी 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो पिछले दो हफ्तों में दूसरी बार हुई बढ़त है। पशु चारे, भूसे और परिवहन खर्च बढ़ने को इसकी वजह बताया जा रहा है। इसका असर आने वाले त्योहारी सीजन में दही, पनीर और मिठाइयों जैसे उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ेगा।
बिना e-KYC के अटक सकती है LPG सब्सिडी
घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए e-KYC कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त थी। जिन लोगों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी सब्सिडी रुक सकती है और सिलेंडर बुकिंग में भी दिक्कत आ सकती है। हालांकि बुकिंग तुरंत बंद होगी या नहीं, यह संबंधित गैस कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विदेश यात्रा हुई आसान, बोर्डिंग पास स्टैम्प की जरूरत खत्म
अब विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर मुहर लगवाने की जरूरत नहीं होगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है और यात्री फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखाकर आगे बढ़ सकते हैं। पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े नियम पहले जैसे ही रहेंगे। इससे एयरपोर्ट पर भीड़ और समय दोनों की बचत होगी।
टाटा और हुंडई की गाड़ियां हुईं महंगी
टाटा मोटर्स ने अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में 25,000 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी गाड़ियों के दाम 1% तक बढ़ाए हैं। कंपनियों ने इसकी वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत और महंगाई का दबाव बताया है। नई कार या SUV खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अब बुकिंग से पहले नई कीमत सूची जरूर देखनी होगी।
मुंबई में CNG-PNG भी महंगी
महानगर गैस लिमिटेड ने CNG की कीमत 2 रुपए प्रति किलो बढ़ा दी है, जिससे मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में नई दर 88 रुपए प्रति किलो हो गई है। घरेलू PNG की कीमत में भी 1 रुपए प्रति SCM का इजाफा हुआ है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और आयातित गैस पर बढ़ती निर्भरता को इसकी वजह बताया गया है। इससे महाराष्ट्र और कर्नाटक के करीब 13 लाख सीएनजी वाहन चालकों और मुंबई के करीब 30 लाख परिवारों पर असर पड़ेगा।
हवाई ईंधन महंगा, टिकट के दाम बढ़ने की आशंका
लगातार दूसरे महीने विमान ईंधन (ATF) की कीमत बढ़ाई गई है। इसमें 6.28 रुपए प्रति लीटर यानी 5.46% की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद नई कीमत 121.28 रुपए प्रति लीटर हो गई है। चूंकि एयरलाइनों के कुल खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी 35 से 40 प्रतिशत तक होती है, इसलिए आने वाले समय में हवाई टिकट महंगे होने की संभावना जताई जा रही है।

