Badshah- Isha Rikhi Divorce: रैपर बादशाह और ईशा रिखी का तलाक, शादी के 5 महीने बाद अलग हुए दोनों
मुंबई। रैपर बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस-मॉडल ईशा रिखी ने अपनी शादी के महज पांच महीने बाद ही अलग होने का फैसला ले लिया है। सोमवार रात दोनों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर तलाक की पुष्टि की।
बादशाह ने अपनी पोस्ट में इस फैसले को आपसी सहमति से लिया गया बताया और फैंस व मीडिया से इस दौरान उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने साफ किया कि यह इस विषय पर उनका पहला और आखिरी बयान है, इसलिए आगे इस रिश्ते को लेकर कोई कयास न लगाए जाएं। ईशा रिखी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यही बयान साझा किया।
जुलाई से ही आ रही थीं अनबन की खबरें
दोनों के रिश्ते में तनाव के संकेत जुलाई महीने में ही मिलने लगे थे। 26 जुलाई को ईशा ने बादशाह के साथ अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी थी, जिसमें उन्होंने टूटे रिश्ते का इशारा किया था। बाद में एक नोट में उन्होंने लिखा कि वे लंबे समय तक डर के कारण खामोश रहीं, लेकिन अब आत्मसम्मान के लिए आवाज उठा रही हैं। इसी दौरान ईशा की मां पूनम रिखी ने भी सोशल मीडिया पर संकेतात्मक पोस्ट शेयर की थीं।
जून में हुआ था शादी का खुलासा
ईशा रिखी ने इसी साल जून में इंस्टाग्राम पर एक ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बादशाह से अपनी शादी की पुष्टि की थी। हालांकि शादी के बाद भी दोनों ने सार्वजनिक रूप से इस रिश्ते पर ज्यादा खुलकर बात नहीं की। अब खबरें हैं कि ईशा जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ सकती हैं।
बादशाह का यह दूसरा तलाक
गौरतलब है कि यह बादशाह का दूसरा तलाक है। इससे पहले उन्होंने 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी और 2017 में दोनों की एक बेटी जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह हुई। हालांकि मतभेदों के चलते दोनों 2020 में अलग हो गए थे। इसके बाद बादशाह की जिंदगी में ईशा रिखी आईं।
करियर पर एक नजर
असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया वाले बादशाह ने 2006 में ‘माफिया मुंडीर’ ग्रुप से संगीत करियर शुरू किया था। बाद में क्रेडिट को लेकर मतभेदों के चलते वे यो यो हनी सिंह के इस ग्रुप से अलग हो गए। 2013 के गाने ‘प्रॉपर पटोला’ और 2015 के ‘डीजे वाले बाबू’ ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई। 2023 में उनके गाने ‘सनक’ पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का विवाद भी हुआ था, जिसके बाद उन्होंने माफी मांगकर गाने का नया वर्जन जारी किया था। निजी जिंदगी में उठापटक के बीच बादशाह का नया मराठी हिप-हॉप गाना ‘चिमना’ 31 अगस्त को रिलीज हुआ है, जिसमें उन्होंने दिव्या कुमार और नागेश मोरवेकर के साथ काम किया है।

