Greater Noida: डिलीवरी बॉय के सत्यापन पर भड़की महिला, गार्ड्स से अभद्रता का वीडियो वायरल

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। शहर की एक हाउसिंग सोसाइटी से सुरक्षा गार्डों और एक महिला निवासी के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। घटना आम्रपाली सेंचुरियन पार्क की टेरेस होम्स सोसाइटी की बताई जा रही है, जहां एक डिलीवरी बॉय की एंट्री को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हाथापाई की नौबत तक पहुंच गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, महिला ने मंगलवार रात ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सैनिटरी पैड और कुछ खाने-पीने का सामान ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी एग्जीक्यूटिव सामान लेकर सोसाइटी के गेट पर पहुंचा, तो नियमानुसार तैनात सुरक्षा गार्ड ने अंदर भेजने से पहले उसकी पहचान सत्यापित करने के लिए उसे कुछ देर रोक लिया। इसी सामान्य प्रक्रिया पर महिला भड़क गई और मौके पर पहुंचकर गार्डों से उलझ पड़ी। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला शराब के नशे में थी और उसने गार्डों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बात इतनी बढ़ गई कि उसने एक गार्ड को लात मारने की कोशिश की, जो उस वक्त कुर्सी पर बैठा था, जबकि दूसरे गार्ड पर उसने हाथ उठाने की कोशिश की। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि झगड़े के दौरान महिला ने कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां भी कीं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की पुष्टि हो पाएगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडियो

गेट पर हुए इस हंगामे को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। बाद में यही फुटेज सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ और देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई की स्थिति तक पहुंच गया था।

पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच जारी

वीडियो सामने आने के बाद बिसरख थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि होने के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सोसाइटी में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

आए दिन सामने आते हैं ऐसे मामले

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रिहायशी सोसाइटियों में गार्डों और निवासियों के बीच झड़प की घटनाएं नई नहीं हैं। हाल के महीनों में भी एंट्री-एग्जिट, पार्किंग और रॉन्ग-साइड गेट से गाड़ी ले जाने जैसे मुद्दों पर कई सोसाइटियों में विवाद सुर्खियों में रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, बिसरख थाना क्षेत्र की ही एक अन्य सोसाइटी में रॉन्ग साइड एंट्री को लेकर हुए विवाद में गार्डों और निवासियों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें एक महिला के साथ मारपीट के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह प्रेस्थम सोसाइटी में भी एक महिला द्वारा सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारने का मामला सामने आ चुका है, जिसमें गार्ड की शिकायत पर महिला के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आने से रिहायशी सोसाइटियों में सुरक्षा व्यवस्था और निवासी-स्टाफ संबंधों को लेकर सवाल खड़े होते रहे हैं। फिलहाल ताजा मामले में पुलिस जांच का इंतजार है, जिसके नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

यह भी पढ़ें: Gaur Yamuna City: महिला के साथ बदसलूकी और कपड़े फाड़ने का आरोप, मेंटेनेंस कर्मियों पर रबूपुरा कोतवाली में मामला दर्ज

यहां से शेयर करें