Gaur Yamuna City: महिला के साथ बदसलूकी और कपड़े फाड़ने का आरोप, मेंटेनेंस कर्मियों पर रबूपुरा कोतवाली में मामला दर्ज

Gaur Yamuna City: ग्रेटर नोएडा के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र स्थित सेक्टर-18 की गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में एक महिला ने मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट, छेड़छाड़, कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी दी गई। बुधवार शाम करीब 4 बजे रबूपुरा कोतवाली में यह शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

पीड़िता के अनुसार, वह अपने एक साथी के साथ सोसाइटी के मेंटेनेंस विभाग में किसी काम से गई थी। इसी दौरान वहां तैनात कर्मचारियों श्रीकांत शर्मा, श्रवण शिशोदिया और प्रदीप तोमर से उसकी कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने अपने साथियों को बुलाकर मिलकर उस पर और उसके साथी पर हमला कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं, बाल पकड़कर उसे जबरन कार में खींचने की भी कोशिश की गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

दूसरे पक्ष का पलटवार

वहीं इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आरोपी श्रवण शिशोदिया और श्रीकांत शर्मा ने उल्टा महिला और उसके साथी स्वयं पटेल पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महिला ने उन्हें झूठे रेप के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।

पुलिस कार्रवाई

रबूपुरा कोतवाली पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: Hyde Park Society Accident: 17वीं मंजिल से गिरकर 11 साल के बच्चे की मौत

यहां से शेयर करें