Noida murder case: नोएडा, थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय आयुष शुक्ला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि असद नाम के युवक ने जन्मदिन की पार्टी देने के बहाने आयुष को घर से बाहर बुलाया और बाद में उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
परिजनों के अनुसार, असद आयुष के घर आया था। उसने आयुष की मां योगमाया शुक्ला से कहा, “आंटी खाना बनाकर रखना, मैं दो मिनट में आयुष के साथ वापस आता हूं।” इसके बाद वह आयुष को अपने साथ लेकर चला गया। कुछ समय बाद ही असद ने आयुष पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने अपने दोस्तों से कथित तौर पर कहा कि उसने आयुष को मार डाला है। इसके बाद से वह फरार है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बेटे की हत्या के बाद आयुष की मां योगमाया शुक्ला का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

