7 Dogs Review: सलमान-संजय दत्त के स्वैग से सजी अहमद एज़्ज़ की हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म

7 Dogs Review: निर्देशक: आदिल अल अरबी, बिलाल फल्लाह
कलाकार: अहमद एज़्ज़, करीम अब्देल अज़ीज़, सलमान खान, संजय दत्त, मोनिका बेलुची

कुछ फिल्में कहानी बुनने में वक्त लगाती हैं, लेकिन 7 Dogs का बस एक ही नियम है — रुकना नहीं। फिल्म की शुरुआत एक ऐसे विमान से होती है जो कुछ ही सेकंड में क्रैश होने वाला है, और दो लोग किसी तरह उसे बचा लेते हैं। इनमें से एक हैं इंटरपोल अफसर खालिद अल-अज़ाज़ी (अहमद एज़्ज़) और दूसरे हैं अपराधी घाली अबू दाऊद (करीम अब्देल अज़ीज़), जो कुख्यात ‘सेवन डॉग्स’ सिंडिकेट का अहम सदस्य है।

खालिद फील्ड ऑपरेशन से दूर एक शांत जिंदगी की तैयारी में है, लेकिन ‘पिंक लेडी’ नाम के एक खतरनाक ड्रग के फैलने से उसे आखिरी मिशन के लिए वापस बुलाया जाता है — और इस बार उसका साथी बनता है घाली, वही अपराधी जिसे उसने कभी पकड़ा था। सिंडिकेट के सात सदस्य अलग-अलग देशों में फैले हैं, जिससे यह मिशन एक ग्लोबल चेज़ में बदल जाता है। चीन का ट्रैक खासतौर पर दमदार है, जहां प्रिसिला चैन के मशहूर कैंटोनीज़ गाने के साथ एक्शन एक अलग ही ऊर्जा पकड़ता है। ‘बैड बॉयज़’ सीरीज़ बना चुके निर्देशक जोड़ी आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह की पकड़ एक्शन पर साफ झलकती है, और अहमद एज़्ज़ इस भार को बखूबी उठाते हैं।

भारतीय दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण सलमान खान और संजय दत्त हैं। स्क्रीन टाइम भले सीमित हो, लेकिन दोनों अपनी मौजूदगी से छाप छोड़ते हैं। सलमान खान ‘जौहर’ के किरदार में स्वैग और एक्शन के साथ नजर आते हैं, वहीं संजय दत्त ‘रणजीत’ के रूप में एक्शन-हैवी अवतार में दिखते हैं। दोनों का साथ वाला सीक्वेंस, जिसमें वे सेल्फी स्टिक पर कैमरा लिए लड़ते नजर आते हैं, फिल्म के सबसे यादगार हिस्सों में शुमार है। मोनिका बेलुची भी ‘जूलिया’ के किरदार में फिल्म में ग्लैमर और खतरे का तड़का लगाती हैं। फिल्म में महिला किरदारों को भी एक्शन में बराबर की जगह दी गई है, जो इस जॉनर के लिए सुखद बदलाव है। हालांकि, फिल्म में भावनात्मक गहराई की कमी खलती है। खालिद के पिता की मौत, घाली की पारिवारिक जिंदगी और खालिद की शादी जैसे ट्रैक जोड़े तो गए हैं, लेकिन उन्हें उतनी गहराई नहीं मिल पाई। फिर भी, फिल्म की रफ्तार इतनी तेज है कि दर्शकों को बोर होने का मौका नहीं मिलता। रेगिस्तान में फिल्माया गया क्लाइमैक्स धूल भरे तूफान, गोलियों और धमाकों का शानदार नजारा पेश करता है।  7 Dogs भले ही दिमाग पर गहरी छाप न छोड़े, लेकिन एक बड़े पर्दे के एक्शन एंटरटेनर के तौर पर यह अपने मकसद में पूरी तरह कामयाब है।

यह भी पढ़ें: H1N1 wreaks havoc in Delhi: 24 घंटे में 159 नए मामले, कुल आंकड़ा 1777 पार; केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बुलाई हाई-लेवल बैठक

यहां से शेयर करें