Noida Public Service Centre Robbery: गौतम बुद्ध नगर। नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े जनसेवा केंद्र से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। सूरजपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूट की रकम का एक हिस्सा, लाइटर पिस्टल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी की पहचान दादरी की सेक्टर काशीराम कॉलोनी निवासी ओमकार के रूप में हुई है। उसका साथी मोनू अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की दोपहर ग्राम मलकपुर स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र में दो नकाबपोश बाइक सवार पहुंचे थे। दोनों ने लाइटर पिस्टल दिखाकर केंद्र के कर्मचारी को डराया और गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। उस समय केंद्र का मालिक बाहर गया हुआ था और कर्मचारी अकेला मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
सूरजपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम गुरुवार को ओमकार को आईटीबीपी के सामने सर्विस रोड से गिरफ्तार करने में सफल रही। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि वह लूट से पहले जनसेवा केंद्र गया था। वहां उसने गल्ले में नकदी रखी देखी और इसकी जानकारी अपने साथी मोनू को दी। दोनों ने मिलकर लूट की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक दोनों हेलमेट लगाकर और शर्ट के ऊपर दूसरी शर्ट पहनकर केंद्र पहुंचे। लाइटर पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को धमकाया और नकदी लेकर बाइक से फरार हो गए। ओमकार ने बताया कि लूट के बाद उसने 60 हजार रुपये अपने पास रखे और 20 हजार रुपये मोनू को दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के 46,250 रुपये, लाइटर पिस्टल और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी ओमकार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी मोनू की तलाश में जुटी हुई है।

