Dankaur News: गलत इंजेक्शन से स्वास्थ्यकर्मी की मौत का आरोप, परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा

Dankaur News: ग्रेटर नोएडा (दनकौर)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक 27 वर्षीय अस्पताल कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक अंशु शर्मा लतीफपुर बांगर (लतीपुर) गांव की रहने वाली थीं और ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी के रूप में कार्यरत थीं। परिजनों ने दनकौर कस्बे में स्थित एक निजी क्लिनिक के संचालक पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार को अंशु की तबीयत खराब हुई। बुखार आने के बाद गुरुवार को परिजन उन्हें दनकौर के बिहारी लाल स्टैंड के पास स्थित एक चिकित्सक के क्लिनिक पर ले गए। क्लिनिक संचालक ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ देर बाद ही उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ती गई, जिसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोपहर करीब 12 बजे अंशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। मृतक के देवर विकल्प (विकल) शर्मा ने गुरुवार शाम करीब 5 बजे दनकौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि क्लिनिक संचालक की लापरवाही के कारण ही अंशु की मौत हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों और गांव वालों में आक्रोश इतना था कि उन्होंने पोस्टमॉर्टम के बाद भी शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। उन्होंने गांव में घर के बाहर शव रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग जमा हो गए और आरोपी चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस मौके पर पहुंची। कई घंटे चली कहा-सुनी और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। परिजनों का आरोप है कि समय पर सही इलाज और सावधानी बरती जाती तो अंशु की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Sexual satisfaction in women: कानूनी सीमा, मानसिक परिपक्वता और सुरक्षित तरीकों की वैज्ञानिक समझ

यहां से शेयर करें