Anjali Arora as Sita: सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ सॉन्ग से रातों-रात स्टार बनीं अंजली अरोड़ा अब बड़े पर्दे पर माता सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा – श्री राम की’ का पोस्टर और टीजर रिलीज होते ही उनकी कास्टिंग को लेकर इंटरनेट पर जमकर बहस छिड़ गई है। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अंजली अरोड़ा माता सीता और देव शर्मा भगवान राम के किरदार में हैं। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आते ही दोनों किरदार चर्चा के केंद्र में आ गए, वहीं टीजर में रामायण के कई अहम प्रसंगों की झलक दिखाई गई है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
प्रोमोशनल मटीरियल शेयर होते ही यूजर्स ने अंजली अरोड़ा की कास्टिंग पर सवाल खड़े कर दिए। एक यूजर ने लिखा, “आई एम सॉरी बट रॉन्ग कास्टिंग फॉर सीता माता कैरेक्टर।” वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “मां सीता के रोल में सूर्पणखा।” कुछ यूजर्स ने फिल्म की तुलना विवादित रह चुकी फिल्म ‘आदिपुरुष’ से भी कर दी। एक कमेंट में लिखा गया, “रिस्पेक्ट फॉर आदिपुरुष।” वहीं एक यूजर ने फिल्म को “3 घंटे की इंस्टाग्राम रील” तक करार दे दिया। कुछ यूजर्स की प्रतिक्रिया और भी तीखी रही। एक कमेंट में लिखा गया, “बैन दिस मूवी। हाउ शी कैन डू माता सीता कैरेक्टर।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “रामायण कोई साधारण कहानी नहीं है जिस पर कोई भी कुछ भी फिल्म बना दे। इन्होंने रामायण को मजाक बना दिया है। अंजली अरोड़ा बतौर माता सीता, सीरियसली?”
VFX पर भी उठे सवाल
कास्टिंग के अलावा फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स और प्रेजेंटेशन को लेकर भी दर्शकों ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने VFX को “शर्मनाक” बताया, तो किसी ने फिल्म के संगीत और प्रेजेंटेशन की भी आलोचना की। कच्चा बादाम ट्रेंड से मशहूर हुईं अंजली अरोड़ा की इस फिल्म में सीता के मुख्य किरदार में मौजूदगी अब प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गई है।
क्या है ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा – श्री राम की’?
अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में की गई है। फिल्म की स्टारकास्ट में देव शर्मा, अंजली अरोड़ा, शील वर्मा, रजनीश दुग्गल और निर्भय वाधवा शामिल हैं। फिल्म भगवान राम और माता सीता की कहानी पर आधारित है, जिसमें टीजर के जरिए विवाह, वनवास, सीता हरण और राम सेतु निर्माण की तैयारियों जैसे कई परिचित प्रसंग दिखाए गए हैं। फिल्म 26 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गौरतलब है कि यह फिल्म रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर बहुप्रतीक्षित बड़े बजट की रामायण फिल्म की रिलीज से कुछ ही समय पहले सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

