Greater Noida caretaker murder case: जसवीर मौर्य की गला दबाकर हत्या, दोस्त गोविंद शर्मा गिरफ्तार

Greater Noida caretaker murder case: ग्रेटर नोएडा के बिसरख इलाके में क्रिकेट स्टेडियम के केयरटेकर जसवीर मौर्य की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआत में रोजा जलालपुर गांव के पास स्थित क्रिकेट ग्राउंड में केयरटेकर के तौर पर काम कर रहे 25 वर्षीय युवक की मौत को सांप के काटने से जुड़ी संदिग्ध घटना माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह हत्या का मामला निकला।

बिसरख थाना पुलिस के अनुसार, यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि जसवीर के करीबी दोस्त गोविंद शर्मा ने की थी। पूछताछ में आरोपी गोविंद शर्मा ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को दोनों आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड में जसवीर की कोठरी के सामने बैठकर शराब और बीयर पी रहे थे, इसी दौरान जसवीर गाली देने लगा। मना करने पर जसवीर ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इससे गुस्साए गोविंद ने भी जसवीर को धक्का दिया और उसके गिरने के बाद उसकी छाती पर बैठकर दोनों हाथों से गला दबा दिया, जिससे जसवीर की मौत हो गई।

पुलिस ने आधुनिक तकनीक और स्थानीय सूत्रों की मदद से मामले को सुलझाया। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस टीम ने 18 अगस्त 2026 को इस केस में कार्रवाई करते हुए लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी गोविंद शर्मा को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल के पास से पुलिस ने बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पैकेट, दो प्लास्टिक गिलास और आरोपी की चप्पल भी बरामद की, जो घटना के समय दोनों के साथ बैठे होने की पुष्टि करते हैं। पुलिस अब हत्या से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असल जड़ क्या थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें: Greater Noida fire: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में वुडन डाई कंपनी में भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू; कोई हताहत नहीं

यहां से शेयर करें