34 मुकदमों में शामिल वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के दोपहिया बरामद

New Delhi news  शाहदरा जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) ने वाहन चोरी और लूटपाट की वारदातों में सक्रिय आरोपी जुनैद उर्फ बाबू (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से चोरी, लूट, झपटमारी और हथियार अधिनियम के 34 मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आनंद विहार थाना क्षेत्र के सीबीडी ग्राउंड से जुनैद को पकड़ा। उसके पास से बरामद सुजुकी एनटॉर्क स्कूटी जांच में दरियागंज थाने में दर्ज चोरी के मामले में वांछित पाई गई। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चार अन्य चोरी के दोपहिया अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।
बरामद वाहनों की जांच में ये शाहदरा, पूर्वी, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों के पांच अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों से जुड़े मिले। इस कार्रवाई से कुल छह मामले सुलझाए गए हैं। इनमें पांच वाहन चोरी के अलावा पूर्वी जिले के मधु विहार थाने में दर्ज लूट की कोशिश का एक मामला भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी सोनू के साथ मिलकर लूट की कोशिश की थी। पुलिस अब फरार साथी की तलाश कर रही है। जुनैद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है और तीसरी कक्षा तक पढ़ा है। पुलिस उसके अन्य वाहन चोरी, लूट और झपटमारी की वारदातों में शामिल होने की भी जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें