Greater Noida: बाइक सवार को बचाते समय निर्माणाधीन नाले में गिरी कार, ड्राइवर बाल-बाल बचा

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। शहर के तिलपता गोल चक्कर के पास शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने करीब चार फीट गहरे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कार तिलपता गोल चक्कर से दादरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार की जान बचाने के लिए कार चालक ने अचानक स्टीयरिंग दूसरी ओर मोड़ दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। कार के नाले में गिरते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा इंतजाम पर सवाल

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे नाले का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो बैरिकेडिंग है और न ही चेतावनी बोर्ड, जिससे वाहन चालकों के लिए हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से निर्माण स्थल के आसपास तत्काल बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई है और चालक की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें: Noida Cyber Crime: PM मोदी-सीतारमण के AI डीपफेक वीडियो से नोएडा में बुजुर्ग से 70 लाख की ठगी

यहां से शेयर करें