ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दूसरे दिन 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और एक्सपो की व्यवस्थाओं को लेकर बृहस्पतिवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा और कानून-व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों के मद्देनजर आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए।
एक्सपो के दौरान बायो एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और कार्बन मार्केट जैसे विषयों पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ मंथन करेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों और प्रदर्शकों के शामिल होने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे और तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय एक्सपो का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

