Baghpat news श्रावण मास में परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर परिसर में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मिशन शक्ति अभियान के तहत किशोरियों के एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कराने के साथ उन्हें ‘निरा’ पुन:प्रयोग योग्य कॉटन सेनेटरी पैड और पर्सनल सेफ्टी अलार्म डिवाइस भी वितरित किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और कोई भी पात्र बालिका इससे वंचित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ‘निरा’ पहल का उद्देश्य किशोरियों को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण अनुकूल मासिक धर्म स्वच्छता का विकल्प उपलब्ध कराना है, जबकि सुरक्षा अलार्म महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगा।
इसके बाद जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। दोनों अधिकारियों ने श्रावण मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देवेंद्र कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Baghpat news

