चाइल्ड सेफ्टी मंथ का समापन, 200 बच्चों ने अरुण जेटली स्टेडियम में देखा दिल्ली प्रीमियर लीग का उद्घाटन मुकाबला

New Delhi news मध्य जिला दिल्ली पुलिस ने ‘चाइल्ड सेफ्टी मंथ-2026’ का समापन अरुण जेटली स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर किया। इस अवसर पर मध्य और उत्तर जिले के सरकारी स्कूलों, ट्रस्टों और अनाथालयों के करीब 200 बच्चों को दिल्ली प्रीमियर लीग के उद्घाटन समारोह और सेंट्रल दिल्ली किंग्स तथा पुरानी दिल्ली-6 के बीच खेले गए पहले मुकाबले का आनंद लेने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (प्रथम) ने बच्चों से संवाद कर उन्हें अपने अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। समापन समारोह में सभी बच्चों को स्मृति टी-शर्ट और जलपान वितरित किया गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि जुलाई 2026 के दौरान ‘चाइल्ड सेफ्टी मंथ’ के अंतर्गत मध्य जिले में स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, पुलिस थानों और सामुदायिक स्थलों पर 40 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन अभियानों के माध्यम से 30 हजार से अधिक बच्चों, अभिभावकों और अन्य लोगों को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो कानून, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, आत्मरक्षा, नशा मुक्ति और आपातकालीन हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस के ‘नाजुक’ और ‘निर्भीक’ अभियान के तहत 6 हजार से अधिक बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई, जबकि #स्मार्टबच्चे अभियान के जरिए सुरक्षित आॅनलाइन व्यवहार का संदेश दिया गया। इसके अलावा श्रवण बाधित विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, महिला चिकित्सकों, विधि छात्रों और बाल सुधार गृह के बच्चों के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि जागरूकता अभियानों के साथ-साथ आॅपरेशन मिलाप के तहत जुलाई माह में 25 लापता बच्चों को खोजकर उनके परिजनों से भी मिलाया गया। पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा परिवार, स्कूल, समाज और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की साझा जिम्मेदारी है तथा भविष्य में भी इस दिशा में ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

New Delhi news

यहां से शेयर करें