नोएडा। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय राजस्थान कल्याण परिषद, नोएडा ने एक सराहनीय पहल करते हुए सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास को एक ई-रिक्शा भेंट किया है। यह ई-रिक्शा अंतिम निवास परिसर में लकड़ियों और अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार की व्यवस्थाएं पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि लगभग 36 वर्ष पूर्व स्थापित राजस्थान कल्याण परिषद का उद्देश्य राजस्थानी संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और सेवा भाव को आगे बढ़ाना है। संस्था वर्षों से समाजहित में विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। इनमें स्वास्थ्य शिविर, बच्चों की सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताएं, भजन संध्या, कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम शामिल हैं।
परिषद के संरक्षक महेंद्र शाह ने बताया कि संस्था द्वारा सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में पिछले 25 वर्षों से चैरिटेबल पॉलीक्लिनिक का संचालन किया जा रहा है, जहां जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। परिषद के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा और परोपकार राजस्थानी समाज की पहचान रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाती रहेगी। वहीं महासचिव राजीव गुप्ता ने समाज के सहयोग से सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महेश सक्सेना, पवन शर्मा, अनिल अग्रवाल, बाबूलाल पारीक, ओ.पी. बंसल, विष्णु गोयल, अरविंद बैद, जीवन जैन, विष्णु पारीक, जी.सी. माहेश्वरी, जी.सी. पारीक, अरविंद सोनी, राजेश खंडेलवाल, रंजू माथुर, पवन यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

