साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news उत्तर-पूर्व जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने बैंक खातों से आॅनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पदार्फाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन चोरी के होने या साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार मामला उस समय सामने आया जब एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर उसके बैंक खाते से 1,34,999 रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने वित्तीय लेन-देन, तकनीकी साक्ष्य, डिजिटल डेटा और मनी ट्रेल का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से पुलिस ने विशाल कुमार (25) और बरखू कुमार (34), दोनों निवासी मुंगेर (बिहार), को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपराधियों से चोरी के मोबाइल फोन खरीदते थे और उनमें लगे उन सिम कार्डों का इस्तेमाल करते थे, जो पीड़ितों के बैंक खातों से जुड़े होते थे। इसके बाद वे उन सिम कार्डों को दूसरे मोबाइल में लगाकर यूपीआई एप सक्रिय करते और बैंक खातों तक अवैध पहुंच बनाकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर निकाल लेते थे। इसके लिए कमीशन पर बैंक खाते भी उपलब्ध कराए जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन के मालिकों की पहचान की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि उनका संबंध किन-किन साइबर ठगी और चोरी के मामलों से है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ पहले से दिल्ली के रूप नगर थाने में चोरी का एक मामला दर्ज है, जबकि बरखू कुमार का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, मनी ट्रेल और संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें