नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार महिला गांजा तस्कर नूरी की भतीजी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 280 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा स्मैक बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
कैसे हुई गिरफ्तारी
एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर एसीपी मयंक तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला एवं उनकी टीम ने मंगलवार को सेक्टर-8 इलाके से अफसाना उर्फ बेबी पुत्री सिकंदर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अफसाना फरार चल रही कुख्यात महिला तस्कर नूरी की भतीजी है।
पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
पूछताछ के दौरान आरोपी अफसाना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बुआ नूरी के कहने पर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर झुग्गी-झोपड़ी इलाकों और फैक्ट्री क्षेत्रों में बेचती थी। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
फरार तस्कर नूरी की तलाश जारी
पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और फरार महिला तस्कर नूरी की तलाश में जुटी है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

