Noida News: नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज कुछ ही घंटों में सफल अनावरण करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ निवासी सुधीर बंसल अपने परिवार के साथ बीते 18 जुलाई को नोएडा के डीएलएफ मॉल में शॉपिंग करने आए थे। उनके साथ उनका ड्राइवर कपिल भी मौजूद था। इसी दौरान ड्राइवर कपिल गाड़ी में रखे 9 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया और गाड़ी को मौके पर ही छोड़ दिया। घटना का पता चलते ही पीड़ित सुधीर बंसल ने थाना सेक्टर-20 में मामले की सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना पुलिस और क्राइम टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर सक्रियता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर कपिल की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पूरे 9 लाख रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
12 साल से कर रहा था नौकरी, फिर आया लालच
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कपिल पिछले 12 वर्षों से पीड़ित सुधीर बंसल के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। लंबे समय से भरोसेमंद कर्मचारी होने के बावजूद, मालिक को भारी नकदी गाड़ी में रखते देख उसकी नीयत में खोट आ गया और उसने मौके का फायदा उठाकर रकम लेकर फरार होने की योजना बनाई।
कोर्ट में पेशी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मामलों में पीड़ित पक्ष को सतर्क रहने और नकदी व कीमती सामान संभालकर रखने की सलाह दी जाती है। पुलिस की इस तत्परता की सराहना स्थानीय लोगों द्वारा भी की जा रही है, जिससे पीड़ित परिवार को उनकी पूरी रकम वापस मिल सकी।

