‘वी केयर’ पहल के तहत पूर्वी जिले में मेगा बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

New Delhi news  बाल सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत दिल्ली पुलिस ने बुधवार को ‘वी केयर’ पहल के तहत सर्वोदय सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आईपी एक्सटेंशन, पटपड़गंज में मेगा बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 600 विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत दिल्ली पुलिस आॅर्केस्ट्रा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एसपीयूडब्ल्यूएसी (एसपीयूडब्ल्यूएसी) की टीम ने छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के तरीके बताए।
यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया। वहीं साइबर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और आॅनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।
कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस अवसर पर एसीपी मधु विहार तिलक चंद बिष्ट ने अनुशासन, अच्छे आचरण और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण दिल्ली पुलिस की स्वाट टीम रही, जिसने अपने विशेष सामरिक वाहन का प्रदर्शन करते हुए उच्च जोखिम वाली परिस्थितियों में अपनी भूमिका से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इसके अलावा जन संपर्क वाहन (मोबाइल डिस्प्ले वैन) के माध्यम से बाल सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम का समापन रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना तथा समुदाय के साथ पुलिस की सहभागिता को और मजबूत करना है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें