New Delhi news दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (दक्षिण-पश्चिम रेंज) ने मंजीत महल गैंग के कुख्यात सदस्य और 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश लोकेश उर्फ सूर्य को गिरफ्तार कर गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। हरियाणा के गुरुग्राम से पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, टोयोटा ग्लांजा कार और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में गैंग द्वारा रची जा रही कई संगीन वारदातों को समय रहते विफल कर दिया गया।
स्पेशल सेल के अनुसार, लोकेश उर्फ सूर्य राजस्थान के भिवाड़ी थाने में वर्ष 2019 के अपहरण और लूट के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। लगातार ठिकाने बदलने के कारण वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। विश्वसनीय सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसीपी पूरन चंद पंत की निगरानी में गुरुग्राम के सेक्टर-29 में जाल बिछाया गया। 12 जुलाई की सुबह आरोपी को दबोच लिया गया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कार से एक लोडेड रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि 33 वर्षीय लोकेश उर्फ सूर्य मूल रूप से हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के नजफगढ़ स्थित गोपाल नगर में रहता था। वर्ष 2014 से अपराध की दुनिया में सक्रिय आरोपी मंजीत महल गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2019 में भिवाड़ी में एक व्यक्ति का अपहरण कर नकदी और एसयूवी लूटने, विकसपुरी में कारोबारी अमित कोचर की रंगदारी न देने पर हत्या तथा कपासहेड़ा में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य नरेश राणा की गोली मारकर हत्या जैसे चर्चित मामलों में भी आरोपी रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।


New Delhi news

