Noida News : नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र स्थित ममूरा गांव में मंगलवार को एक पीजी (पेइंग गेस्ट) भवन में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में हुआ धमाका बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे भवन में धुआं भर गया और कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
Noida News :
इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में धमाके के बाद लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पीजी परिसर में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने आसपास खड़े कई दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
G+4 इमारत में रहते थे करीब 50 परिवार
पुलिस के अनुसार जिस इमारत में आग लगी वह जी+4 (ग्राउंड प्लस चार मंजिला) भवन है, जिसमें लगभग 50 परिवार रह रहे थे। दमकल विभाग ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग के दौरान सामने आए वीडियो में देखा गया कि लोगों को बचाने के लिए दो इमारतों के बीच सीढ़ियां लगाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
Noida News :
धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान दो लोगों की तबीयत धुएं की वजह से गंभीर रूप से बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सात दमकल गाड़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से चला रेस्क्यू
गौतमबुद्ध नगर के जॉइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि ममूरा गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सात फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष बचाव वाहन लगाए गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। साथ ही संपत्ति के नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
Noida News :

