ग्रेटर नोएडा: डेल्टा-3 में खड़ी स्कॉर्पियो से युवक का रक्तरंजित शव बरामद, ड्राइविंग सीट के पास मिला तमंचा, जांच में जुटी पुलिस

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित डेल्टा-3 ब्लॉक में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सर्विस रोड पर खड़ी एक स्कॉर्पियो कार के अंदर 36 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रविवार रात स्थानीय पुलिस लेपर्ड टीम डेल्टा-3 ब्लॉक क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान साईं मंदिर गोल चक्कर से तिराहे की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार की बैक लाइट और टेल लाइट जल रही थीं। पुलिसकर्मियों ने चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

जब पुलिसकर्मी कार के पास पहुंचे तो देखा कि ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक के शरीर से अत्यधिक खून बह रहा था। सीट के पास एक तमंचा भी पड़ा हुआ था। पुलिस ने तत्काल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय सौराज पुत्र प्रेमराज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के ग्राम जुमरथपुर का रहने वाला था और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ग्रीन सोसायटी में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से मिले तमंचे सहित अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली बारिश हादसा: दिल्ली के अलीपुर में यमुना का कहर, नहाने गए 4 नाबालिग बच्चों में से 2 के शव बरामद, 2 की तलाश जारी; तेज बहाव में बह गए

यहां से शेयर करें