GST News: लखनऊ।उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। रात करीब साढ़े 12 बजे जारी हुई इस सूची में सबसे चर्चित नाम गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद द्वितीय के अपर आयुक्त (राज्य कर) संदीप भागिया का है, जिन्हें कर्मचारियों के उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बीच हटाया गया है।
क्या है पूरा मामला
2018 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप भागिया बीते कुछ समय से विवादों में घिरे रहे हैं। बताया जा रहा है कि 12 जून को हुई एक जीएसटी समीक्षा बैठक में उन्होंने उपायुक्त वेदप्रकाश सिंह के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया, गुस्से में पेन फेंका और उन्हें कड़ी फटकार लगाई। इस घटना के तुरंत बाद वेदप्रकाश सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। इस घटना के बाद राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर के लगभग 60 कर्मचारी एकजुट हो गए और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा मुख्य सचिव एस.पी. गोयल को संयुक्त शिकायती पत्र भेजा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संदीप भागिया अधीनस्थ अधिकारियों और खासकर महिला कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाते थे तथा उनके साथ अनुचित व्यवहार करते थे। हालांकि, इन आरोपों की जांच कराई गई थी, जिसमें उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी और आरोप लगाने वाली कुछ कर्मचारियों का तबादला भी उसी दौरान कर दिया गया था। इसके बावजूद शासन तक पहुंची शिकायतों और वेदप्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ने की घटना ने मामले को फिर गरमा दिया, जिसके बाद शासन ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें पद से हटाने का निर्णय किया।
अब कहां भेजे गए भागिया
ताजा तबादला सूची के अनुसार, संदीप भागिया को अब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) का नया प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है। यह एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा पद माना जा रहा है, हालांकि विभाग में उनकी नई तैनाती को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं जारी हैं। इस पद पर पहले रिया केजरीवाल कार्यरत थीं, जिन्हें अब विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है।
गौतमबुद्ध नगर की नई कमान परीक्षित खटाना को
संदीप भागिया की जगह अब आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) परीक्षित खटाना को गौतमबुद्ध नगर में अपर आयुक्त (राज्य कर) का प्रभार सौंपा गया है। 2020 बैच के आईएएस अधिकारी खटाना अपनी तेज-तर्रार और सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वे एसडीएम आगरा के पद पर भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए थे। खटाना के आजमगढ़ छोड़ने के बाद वहां का नया सीडीओ लखनऊ मंडल के अपर आयुक्त राकेश कुमार पटेल को बनाया गया है।
फेरबदल में और कौन-कौन शामिल
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं, राजस्व विभाग की सचिव शुभा वर्मा को उत्तर प्रदेश का नया श्रमायुक्त बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक (पंजीयन) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि इस पद पर तैनात नेहा शर्मा को अब चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक बनाया गया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह से पर्यटन एवं संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है, ताकि वे सिर्फ सूचना विभाग पर ध्यान केंद्रित कर सकें। संजय कुमार सिंह प्रथम को संस्कृति निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश को विशेष सचिव, वन एवं पर्यावरण विभाग बनाया गया है, जबकि उनकी जगह बलिया के सीडीओ ओजस्वी राज को नगर आयुक्त बनाया गया है। शासन का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के मकसद से किया गया है। हालांकि संदीप भागिया के तबादले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि कर्मचारियों की सामूहिक शिकायत और वेदप्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ने की घटना ने ही इस बड़े फैसले की पृष्ठभूमि तैयार की।

