Noida Crime: नोएडा। थाना सेक्टर-49 नोएडा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से दो पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बिजली घर, सेक्टर-50 नोएडा के पास से बलिंदर पुत्र संतकुमार और विवेक पुत्र संजय को गिरफ्तार किया। दरअसल, 5 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दी थी कि उसकी मोटरसाइकिल सेक्टर-50 से किसी अज्ञात चोर ने चुरा ली है। इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी, जिसने घटना का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मिलकर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर रेकी करते थे और मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को एक जगह इकट्ठा कर सही दाम मिलने पर राहगीरों को बेच देते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में से एक के संबंध में थाना सेक्टर-49 पर, जबकि अन्य के संबंध में क्रमशः थाना सेक्टर-20, थाना फेस-3 और थाना सेक्टर-39 पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बलिंदर मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और फिलहाल होशियारपुर, सेक्टर-49 में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है और उस पर पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं दूसरा आरोपी विवेक होशियारपुर सेक्टर-51 का निवासी है, उम्र 19 वर्ष है, और उस पर आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

