दनकौर कोतवाली हंगामा: सपा कार्यकर्ताओं का पुलिस पर फर्जी मुकदमे का आरोप

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब सैकड़ों समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। मामला शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसे लेकर सपा नेताओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।

क्या है पूरा मामला

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सपा नेता सुनील भाटी अपने साथियों के साथ जमालपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे थे। उस वक्त विद्यालय में छुट्टी थी और स्कूल बंद था। कार्यकर्ताओं ने परिसर में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर फूल-माला चढ़ाकर शिक्षक दिवस की औपचारिकता निभाई और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वहां से चले गए।

शाम को अचानक बिगड़े हालात

इसके कुछ घंटों बाद ही मामले ने तूल पकड़ लिया। शाम करीब 7 बजे सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और सुनील भाटी के नेतृत्व में 100 से अधिक कार्यकर्ता दनकौर कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सपा नेताओं का आरोप था कि पुलिस, स्कूल की एक शिक्षामित्र पर दबाव बनाकर सुनील भाटी के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने की कोशिश कर रही है। इसे सपा नेताओं ने राजनीतिक साजिश करार दिया।

मौके पर पहुंचे ACP, कार्यकर्ता हुए शांत

हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी तृतीय डॉ. रविशंकर निम कोतवाली पहुंचे और सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने शिकायतें सुनने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद कार्यकर्ता शांत होकर वापस लौट गए।

पुलिस और सपा नेताओं के अलग-अलग रुख

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। वहीं सपा नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में सियासी सरगर्मी बनी हुई है, और आगे की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

यह भी पढ़ें: Satya Niketan PG Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी बिल्डिंग ढही, 1 की मौत, कई छात्र मलबे में फंसे; रेस्क्यू जारी

यहां से शेयर करें